सहारनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आरक्षित वर्ग के शिक्षकों को पदावनत करने की कार्रवाई से शिक्षकों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को दोपहर बाद बीएसए कार्यालय पर पहुंचे शिक्षकों ने धरना प्रदर्शन किया। पदावनत की कार्रवाई बंद नहीं करने पर बेमियादी धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
एससी, एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने पदावनत करने की प्रक्रिया के विरोध में तीन दिन पहले ही सांसद राघव लखनपाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें पदावनति की कार्रवाई को गलत बताया था। साथ ही इस पर रोक लगवाने की मांग की गई थी। तीन दिन में इस पर गंभीरता नहीं दिखाए जाने पर सोमवार को अपराह्न करीब चार बजे बड़ी संख्या में बीएसए कार्यालय पहुंचे शिक्षकों ने नारेबाजी की। संगठन के जिलाध्यक्ष राकेश नौटियाल ने कहा कि वर्ष 2015 में तत्कालीन बीएसए पदावनत करने की कार्रवाई कर चुके हैं। मगर विभाग दोबारा पदावनत की कार्रवाई शुरू कर शिक्षकों का मानसिक उत्पीड़न कर रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। न्याय के लिए संगठन कानूनी लड़ाई लड़ेगा और शिक्षकों को न्याय दिलाकर रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में इसम सिंह, सीताराम सहगल, सुरेंद्र कुमार, मुकेश लांबा, मान सिंह, अनिल बावरे, अजय कुमार, कुंवर सिंह कपिल, योगिता पालीवाल, विमल किशोर, विक्रम सिंह, विजयपाल, कुंवर सिंह, सुरेंद्र, अभिलाषा, अजीत सिंह, राजवीर सिंह, श्यामलाल, रजनीश सहगल, धर्म सिंह, जोगेंद्र, कर्म सिंह, राकेश आदि शामिल रहे।