स्कूल बसों के मानक पूरे नहीं किए तो होगी कार्रवाई : डीएम
सहारनपुर। डीएम पीके पांडेय ने कहा है कि वाहनों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के प्रति स्कूल प्रबंधकों की जिम्मेदारी है। स्कूली बसों की स्कूल प्रबंधक फिटनेस कराएं। जिन स्कूल प्रबंधकों ने लापरवाही की उन बसों को नहीं चलने दिया जाएगा और स्कूल पर भी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की कार्यशाला में आयोजित सड़क सुरक्षा सप्ताह के पांचवें दिन के कार्यक्रम में चालकों, परिचालकों से कहा कि प्रबंधकों को बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार आगाह किया जा रहा है। लेकिन संचालक गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। बच्चों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कहने के बावजूद स्कूली वाहन नियम विरुद्ध संचालित होते पाए गए तो वाहनों को सीज किया जाएगा और उनकी मान्यता रद्द की जाएगी।
एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि लोगों को लगातार जागरूक करने के बावजूद वाहन चालक हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। लेकिन इस बार अभियान चलाया जाएगा और हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा अर्थदंड भी लगाया जाएगा।
कार्यक्रम में एसपी ट्रैफिक विनीत भटनागर, संभागीय परिवहन अधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्र, कपिलदेव सिंह, कुलदीप सिंह, राकेश मोहन, आरएम मनोज कुमार, टीएआई तेजवीर सिंह मौजूद रहे। संचालन वीरेंद्र आजम ने किया।