देवबंद (सहारनपुर)। गुनारसा गांव के समीप मंगलवार की रात किसी वाहन और ट्रैक्टर-ट्राली की आमने-सामने की भिड़ंत में दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
बाबूपुर नगली निवासी महीपाल मंगलवार की रात्रि डग्गामार वाहन से अपने परिवार के साथ अंबहेटा शेखां स्थित रिश्तेदारी से लौट रहा था। जब डग्गामार वाहन गुनारसा गांव के समीप पहुंचा तो उसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में महीपाल, अर्जुन, सोनम व सत्तो देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा सड़क पर घायलावस्था में पड़े चारों लोगों को उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। वहीं, घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। कोतवाल पंकज त्यागी ने बताया कि घायल पक्ष की तहरीर मिली है जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।