कबड्डी का चयन ट्रायल कल
सहारनपुर। राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता 23 से 25 नवंबर तक बलिया में होगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली मंडलीय टीम का गठन किया जाना है। इसके लिए चयन ट्रायल 20 नवंबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। जिला स्तरीय ट्रायल सुबह नौ बजे से और मंडलीय ट्रायल दोपहर एक बजे से होगा। उप क्रीड़ा अधिकारी काशीनरेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली खिलाड़ियों का जन्म 31 दिसंबर 2017 को 20 वर्ष से कम होना चाहिए। साथ ही उनका वजन भी 70 किलोग्राम से अधिक नहीं होना चाहिए। ट्रायल के दौरान जन्म प्रमाण पत्र के साथ ही आधार कार्ड भी प्रस्तुत करना होगा।
नेकी कर फजीता ले पर चर्चा
सहारनपुर। दिव्य फिल्म्स आर्ट मुंबई के बैनर तले बन रही हिंदी फिल्म ‘नेकी कर फजीता ले’ के गीतकार जितेंद्र मोहन सैनी ने फिल्म के गीतों को लेकर टीम सदस्यों के साथ चर्चा की। शिव विहार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि फिल्म के सभी गीत संदेश परक हैं, जिनको सुनकर समाज को दिशा मिलेगी। उम्मीद जताई कि लोगों को गीत पसंद आएंगे। इस मौके पर रियासत अली, सुशील सैनी, राजेंद्र शिवा, सताक्षी शर्मा, दीपा, बद्री, अनवर, अंकुर गोयल, विशाल आदि मौजूद रहे।