बोर्ड में परीक्षार्थियों पर रहेगी तीसरी नजर
सहारनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए हर साल नए कदम उठाए जाते रहे हैं। इस बार शिक्षा विभाग परीक्षा केंद्र बनाने में सीसीटीवी कैमरे वाले कॉलेजों को तरजीह दे रहा है, जिससे यूपी बोर्ड की परीक्षा पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा सके। इन दिनों शिक्षा विभाग की टीम केंद्रों के निर्धारण में जुटी है।
पहली बार परीक्षा केंद्र बनाने के लिए कॉलेजों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। करीब 120 परीक्षा केंद्र बनाए जाने हैं, मगर 200 से अधिक कॉलेजों ने परीक्षा केंद्र बनने के लिए आवेदन किया है। अब शिक्षा विभाग की टीम आवेदन करने वाले कॉलेजों में से परीक्षा केंद्रों का चयन करने में जुटी है। किसी भी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाने के लिए कई शर्तें रखी गई हैं। हमेशा से इन तमाम सुविधाओं से संपन्न कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाता रहा है। मगर इस बार परीक्षा केंद्र बनने वाले कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे लगे होने की शर्त भी रखी जा रही है। इसका मकसद परीक्षा को नकवविहीन कराना है। गौरतलब है कि अभी तक परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए सचल दस्ते परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करते आए हैं। इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापक को कड़ी निगरानी करनी होती है। मगर यदि कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे तो नकल होने की गुंजाइश न के बराबर होगी।