छुटमलपुर। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के दौरान पैरा मिलिट्री फोर्स, पीएसी और पुलिस के चार हजार जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इन जवानों के ठहरने की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी फतेहपुर और बिहारीगढ़ थाना पुलिस को दी गई है। इसके लिए क्षेत्र के शिक्षण संस्थाओं की सूची तैयार की जा रही है।
बता दें, कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण 14 अप्रैल को संभावित है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य वीआईपी शामिल होंगे। इनके लिए गणेशपुर में एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ तीन-तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। हेलीपैड से डाट काली मंदिर तक 12 किमी के रास्ते और जनसभा स्थल तथा आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए पश्चिमी यूपी के सभी जिलों से तो पुलिस बल आएगा ही साथ ही पीएसी और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान भी पहुंचेंगे।
यह फोर्स कई दिन पहले जिले में पहुंच जाएगी। इनके रुकने का इंतजाम बिहारीगढ़ और छुटमलपुर क्षेत्र के आसपास के ऐसे स्कूलों में किया जाएगा, जहां पर कमरों के साथ ही बाथरूम और शौचालय की व्यवस्था भी हो। फतेहपुर और बिहारीगढ़ थाना पुलिस ऐसे स्कूलों की सूची बनाने में जुट गई है। ऐसे स्कूलों के चयन को प्राथमिकता दी जा रही है जो मुख्य मार्गों के किनारे स्थित हैं।