हथनीकुंड बैराज से छोड़ा गया सीजन का सर्वाधिक पानी। श्रोत सिंचाई विभाग
मिर्जापुर/सहारनपुर। पहाड़ों पर भारी बारिश के चलते हथिनीकुंड बैराज से सीजन का सर्वाधिक तीन लाख 29 हजार 313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस कारण हाईफ्लड घोषित कर दिया गया। यमुना नदी के उफान पर आने के कारण यमुना से सटे कस्बों और गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया।
सोमवार को यमुना नदी के सभी गेट खोल दिए गए और पूर्वी एवं पश्चिमी दोनों नहरों को बंद कर दिया गया। हथिनीकुंड बैराज के गेज रीडर शेर सिंह ने बताया कि एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ने पर मिनी फ्लड और 2.50 लाख क्यूसेक या उससे अधिक पानी छोड़ने पर हाईफ्लड घोषित किया जाता है। उन्होंने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़ा गया पानी दिल्ली तक असर करता है। सोमवार को हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए सर्वाधिक पानी से सहारनपुर के साथ ही दिल्ली में भी बाढ़ का खतरा बन गया है।