परीक्षार्थियों से रुपये मांगने के आरोप पर हंगामा, जेडी ने बदला परीक्षक
अंबेहटा (सहारनपुर)। सरदार अजीत सिंह सरस्वती विद्या इंटर कालेज में कक्षा 12 के विद्यार्थियों की भौतिक विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा लेने आये परीक्षक पर छात्रों ने रुपये मांगने का आरोप लगा दिया। इसपर हंगामा हो गया। मौके पर पुलिस को बुलाया गया। बाद में संयुक्त शिक्षा निदेशक विद्यालय में पहुंचे तथा उन्होंने परीक्षक को बदलकर अपनी रिपोर्ट शासन को भेजने का आश्वासन देकर स्थिति को संभाला।
शिक्षा विभाग द्वारा केएचआर इंटर कालेज लुहारी जनपद बागपत के प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह तालियान को सरदार अजीत सिंह सरस्वती विद्या इंटर कालेज में कक्षा 12 के बच्चों की भौतिक विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए परीक्षक नियुक्त किया था। प्रधानाचार्य रघुनाथ सिंह चौहान ने बताया कि उक्त परीक्षक द्वारा विद्यालय पर अनावश्यक दबाव बनाना शुरू कर दिया गया तथा कुछ छात्रों से प्रयोगात्मक परीक्षा में अच्छे अंक देने की एवज में प्रति छात्र 500 रुपये मांगने का मामला भी प्रकाश में आया। प्रधानाचार्य ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत विभाग के उच्चाधिकारियों से करते हुए परीक्षक को बदलने की मांग की थी। इसके बावजूद परीक्षक योगेंद्र सिंह शुक्रवार को फिर विद्यालय पहुंच गए। परंतु प्रधानाचार्य ने योगेंद्र सिंह को परीक्षा लेने से रोक दिया। इस पर योगेंद्र सिंह ने विद्यालय के प्रधानाचार्य व प्रबंध समिति पर तरह तरह के आरोप लगा दिए। मामले की जानकारी होने पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष पवन सैनी, प्रबंधक गौरव मित्तल, उप प्रबंधक सचिन मित्तल, मान्यता प्राप्त विद्यालय महासंघ के जिलाध्यक्ष नरेश शर्मा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परीक्षक व प्रबंध समिति के लोगों में नोक झोंक शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। बाद में संयुक्त शिक्षा निदेशक बालेंदू भूषण सिंह विद्यालय पहुंचे तथा दोनों पक्षों के लोग की बात सुनी। विद्यालय के छात्रों ने संयुक्त शिक्षा निदेशक के सामने ही परीक्षक पर प्रति छात्र पांच सौ रुपये मांगने का आरोप लगा दिया। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने परीक्षक बदलने का आश्वासन देकर परीक्षार्थियों को शांत किया। इस दौरान देवेंद्र कुमार राजकीय कन्या इंटर कालेज की प्रधानाचार्या अंजना कश्यप, विनोद आर्य, सुधीर मित्तल, आलोक मित्तल आदि लोग मौजूद रहे।
संयुक्त शिक्षा निदेशक बालेंदू भूषण सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया परीक्षक पर लगाए गए आरोप सही प्रतीत हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षक को बदलकर मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने बताया परीक्षक बदलने के बाद जल्द ही प्रयोगात्मक परीक्षा की नई तारीख दे दी जाएगी।
परीक्षक योगेंद्र सिंह तालियान ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए इसे विद्यालय की साजिश बताया। इसके बाद परीक्षक लौट गए।