सहारनपुर। बेंगलुरु में संपन्न हुए ऑल इंडिया नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में थाना चिलकाना पर तैनात आरक्षी ओमवीर सिंह ने हैमर थ्रो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया है।
पुलिस विभाग में ओमवीर की इस सफलता ने न केवल जिला पुलिस का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस के कर्मचारियों को ड्यूटी के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेकर अव्वल रहने के लिए प्रेरित किया। अगस्त में स्पेन में होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इन खेलकूद प्रतियोगिताओं में ओमवीर सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से प्रतिनिधित्व करेंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने कहा कि ओमबीर के इस प्रदर्शन ने जनपद पुलिस का सर गर्व से ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को नियमित अभ्यास के लिए सभी सुविधाएं पुलिस में मुहैया कराई जाएंगी और उनकी ट्रेनिंग में किसी भी प्रकार की परेशानी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने ओमवीर को उनकी इस उपलब्धि पर उनके द्वारा जीते गए मैडल को पहनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र दास और प्रशिक्षणाधीन अंकुर अग्रवाल मौजूद रहे।