सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के गरीब व्यक्तियों की बेटियों की शादी के लिए अनुदान पात्र व्यक्ति को ही मिलें। बिचौलियों और योजना के नाम पर अनियमितता बरतने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पीके पांडेय ने समीक्षा बैठक के दौरान आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के अनुदान हेतु 3125 आवेदन प्राप्त हुए। जांच के बाद 2058 आवेदन पत्र सही पाए गए। शादी अनुदान योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग की पुत्रियों की शादी के लिए 124.80 लाख रुपये के सापेक्ष 624 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार सामान्य जाति वर्ग के लिए 682 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 425 आवेदन पत्र सही पाए गए। सामान्य वर्ग के लिए 31.80 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। पिछड़ा वर्ग हेतु प्राप्त आवंटन 148 लाख रुपये के सापेक्ष 1940 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 782 आवेदन पत्र सही पाए गए। विधायक देवेंद्र निम, नरेश सैनी, मसूद अख्तर और अन्य विधायकों के प्रतिनिधि तथा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शरद श्रीवास्तव एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह मौजूद रहे।