छुटमलपुर (सहारनपुर)। सदर तहसील क्षेत्र के गांव रामखेड़ी के लोगों ने अपने राशन डीलर पर सरकारी राशन की कालाबाजारी और विरोध करने पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेज कर कार्रवाई की मांग की है।
गांव के संजय कुमार, अश्वनी कुमार, पदम सिंह, राज कुमार, रवि राणा, सतीश कुमार, ठाठ सिंह, राजदीप राणा, कुशलपाल सिंह आदि ने जन सुनवाई समन्वित शिकायत निवारण प्रणामी उत्तर प्रदेश को शिकायती पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि गांव का राशन डीलर माह में एक बार ही राशन का वितरण करता है और उसकी भी पूर्व में कोई मुनादी आदि नहीं कराई जाती है। राशन वितरण के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में तैनात सरकारी कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित नहीं होता है। गांव के आधे से ज्यादा कार्ड धारकों को राशन नहीं दिया जा रहा है, जिन्हें दिया भी जाता है उन्हें निर्धारित मात्रा से कम राशन मिलता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि राशन डीलर का कोई विरोध करता है तो वह दुर्व्यवहार करता है। आरोप लगाया कि इस संबंध में पूर्ति विभाग के अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उधर, इस संबंध में आपूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता का कहना था कि शिकायत की जांच की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो राशन डीलर के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।