सहारनपुर। अंबाला रोड पर सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस से कार की हुई भीषण भिड़ंत में नुमाइश कैंप के केशव नगर निवासी एवं बेहट रोड स्थित तुरियानंद डेयरी संचालक सोमनाथ भंडारी का सिर्फ पुत्र शिवम ही बचा है। वह भी गंभीर रूप से घायल है। जो निजी अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रहा है।
अंबाला रोड पर हुई भीषण भिड़ंत में सोमनाथ भंडारी के पुत्र शिवम को छोड़कर पूरा परिवार ही खत्म हो गया। इस दुर्घटना में सोमनाथ भंडारी, उनकी पत्नी मंजू भंडारी, मां राजरानी भंडारी और पिता जगन्नाथ भंडारी की मौत हो गई। इस दुर्घटना में परिवार का एक मात्र सदस्य 23 वर्षीय शिवम भंडारी बचा है जो गंभीर रूप से घायल है।
शिव म को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार शिवम को मल्टी फ्रैक्चर है। सिर, मुंह, हाथ, पैर, एवं पसलियों में भी फ्रैक्चर बताया जा रहा है। सोमनाथ की दो बेटियां आस्था एवं पूजा है। आस्था लुधियाना में है, जबकि पूजा मुजफ्फरनगर में है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही दोनों बेटियां भी सहारनपुर पहुंच गईं।