टीबी के मरीजों को अब प्रतिदिन दी जाएगी दवा
सहारनपुर। टीबी की बीमारी लगातार अपने पैर पसार रही है। प्राइवेट डॉक्टरों से मरीजों का आंकड़ा नहीं मिल पाने की वजह से सरकार के पास टीबी के मरीजों के सही आंकड़े नहीं हैं। शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने प्राइवेट डॉक्टरों को उनके यहां आने वाले टीबी मरीजों की सूचना हर महीने टीबी रोग विभाग को देने को कहा है। इतना ही नहीं, अब मरीजों को सप्ताह में तीन दिन की बजाय प्रतिदिन दवा दी जाएगी।
आईएमए भवन में आयोजित टीबी नोटिफिकेशन कार्यशाला में सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने प्राइवेट डॉक्टरों, प्रयोग शालाओं, नर्सिंग होम और हॉस्पिटल्स को जिला क्षय रोग कार्यालय पर अलग से रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्राइवेट डॉक्टरों को हर महीने की एक से पांच तारीख तक पिछले माह निदान हुए या नए टीबी के मरीजों की जानकारी टीबी रोग विभाग को देनी होगी। प्रत्येक माह इसकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी। ऐसा न करने वाले प्राइवेट डॉक्टरों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश जैन ने बताया कि अब टीबी के इलाज की दवा सप्ताह में तीन दिन नहीं बल्कि प्रतिदिन दी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। कार्यशाला में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर, डॉ. लोकेश गुप्ता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके त्रिपाठी, डॉ. अखिल टंडन, खालिद, आईएमए अध्यक्ष डॉ. रविंद्र राणा, डॉ. प्रशांत खन्ना, डॉ. डीके गुप्ता, डॉ. प्रवीण चावला, डॉ. दीपक बंसल, डॉ. एके भल्ला, डॉ. सीएस आनंद, डॉ. एसके खुराना, डॉ. सत्यानंद साथी आदि मौजूद रहे।