सहारनपुर। जिला योजना की बैठक बुधवार को होगी, जिसमें 410 करोड़ रुपयों के विकास कार्यों के प्रस्ताव पर मुहर लगेगी। कृषि एवं प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही बैठक लेंगे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पिछले कई दिनों से जिला योजना की बैठक के लिए कृषि एवं प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही समय नहीं निकाल पा रहे थे। मंगलवार को जिला योजना की बैठक के लिए प्रभारी मंत्री का अचानक कार्यक्रम प्रशासन के पास आ गया। बुुधवार को विकास भवन सभागार में जिला योजना की बैठक होगी। इस बार प्रशासन ने 410 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे प्रभारी मंत्री पास करेंगे। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधियों सहित तमाम सरकारी महकमों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। जिला योजना की अंतिम बैठक चार दिन पूर्व जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने ली थी, जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों को खामियां दूर करने के निर्देश दिए थे। बता दें कि पिछले वर्ष 349 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें एक करोड़ दस लाख रुपये ही जिले को मिले थे। इसी तरह पांच साल में प्रस्ताव का 30 प्रतिशत बजट ही जनपद को मिल पाया है। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि बुधवार को जिला योजना की बैठक होगी।