व्यापारियों ने निराशा जनक बताया बजट
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम नारंग ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट छलावा है। यह बजट वोट पाने की लालसा के अनुरूप बनाया गया है।
बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में राधेश्याम नारंग ने कहा कि केंद्र सरकार ने वेतन भोगियों को कर में छूट एवं सांसदों के वेतन वृद्धि का तो प्रावधान किया, लेकिन अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे कारोबारियों को बचाने के लिए कुछ नहीं सोचा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। बजट ने उद्यमी और व्यापारी के बीच खाई खड़ी कर दी है। व्यापारियों को जीएसटी एवं ई-वे बिल से जूझने को छोड़ दिया। नोटबंदी और जीएसटी से परेशान व्यापारी वर्ग कुछ प्रोत्साहन नहीं दिया गया। बजट देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार खुदरा व्यापार में अब अंग्रेजों को स्थापित करना चाहती है और बाजार को देशी व्यापारी मुक्त बनाना चाहती है। उतर प्रदेश व्यापार मंडल बजट पर अपनी निराशा व्यक्त करता है और सरकार से मांग करता है कि असंगठित क्षेत्र को कर मुक्त कर दिया जाए। मुकेश सेठी, विनीत कर्णवाल, अनिल धारिया, अंकित सिंघल, राजीव भरतरी, राम प्रकाश मलिक, अमित माहेश्वरी, राहुल, रुचिन सिंघल, दीपक अरोड़ा, जुनैद खान, विजय खुराना मौजूद रहे।