बेहट (सहारनपुर)। लकड़ी बीनने आम के बाग में गई मरवा गांव की एक युवती की करंट लगने पर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को गांव लाकर पावर कार्पोरेशन के खिलाफ हंगामा किया। उनका आरोप है कि आए दिन हादसे का सबब बन रहे जर्जर और ढीले हो चुके तारों को कई बार शिकायत करने के बाद भी नहीं बदला गया है।
हादसा रविवार की दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बेहट बिजलीघर से जमुड़े मरवा गांव में एलटी लाइन के तार बेहद जर्जर हालत में है। दोपहर के समय साईना (22) पुत्री इलियास आबादी से सटे खालिद नाम के व्यक्ति के बाग में लकड़ी बीनने गई। वहां एलटी लाइन का तार टूटा हुआ पड़ा था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। तार घास में होने के कारण साईना को दिखाई नहीं दिया और उसका पैर तार के ऊपर आ गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की रात भी गांव में एक परचून की दुकान के बाहर तार टूटकर गिर गया था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। कई बार विभागीय अधिकारियों को तारों को बदलवाने की बाबत प्रार्थना पत्र भी दिए जा चुके है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई।