देवबंद (सहारनपुर)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार की रात नगर में मशाल जुलूस निकालकर देश के लिए शहीद होने वाले क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
जुलूस में क्षेत्रीय विधायक ब्रिजेश सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ हाथों में मशाल लेकर सुभाष चौक से मित्रसेन चौक तक भ्रमण किया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत सुभाष चौक पर वीर स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। एमबीडी चौक पर विधायक ने कहा कि आज हम खुली हवा में जो सांस ले रहे हैं वह महापुरूषों का त्याग और क्रांतिकारियों के बलिदान की बदौलत है। ऐसे महापुरूषों और क्रांतिकारियों को हम नमन करते हैं। भाजपा नगराध्यक्ष गजराज राणा ने कहा कि कार्यकर्ता खून का एक-एक कतरा इस देश के मान-सम्मान के लिए बहा देने को तैयार है। उन महापुरूषों को सच्ची श्रद्धांजलि तब ही होगी जब हम देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कर देंगे। मशाल जुलूस में कोषाध्यक्ष अरुण गुप्ता, दीपकराज सिंघल, ओमपाल सिंह, बालेंद्र सिंह, आशुतोष गुप्ता, दीपक त्यागी, आलोक खटीक, अरविंद सिंघल, प्रवीण गोयल, प्रेमचंद कश्यप, महबूब आलम, डा. बी.पी. सिंह, लक्की वर्मा, जनेश्वर सैनी, देवीदयाल शर्मा, डा. सुखपाल सिंह आदि शामिल रहे।