फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लगातार 21 घंटे की बारिश से पानी-पानी हुआ शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
लगातार 21 घंटे की बारिश से शहर जलमग्न
विज्ञापन

सहारनपुर। एक सप्ताह भीषण गर्मी ने जमकर झुलसाया, फिर मेघा बरसे तो सारी गर्मी काफूर हो गई। बुधवार रात से लगातार 21 घंटे रह-रहकर हुई बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया। शहर की गलियों से लेकर गांव के खेत-खलिहान तक पानी से लबालब हो गए। किसानों की तो बांछें खिल गईं, लेकिन शहर के लोगों की हालत खराब हो गई। ढमोला नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर पर प्रशासन की निगाहें टिकी रहीं।
दो दिन तो सिर्फ सुबह बूंदाबांदी हुई और बाद में तेज धूप निकली। इससे ऐसी उमस हो गई कि लोग पसीने-पसीने हो गए। लेकिन बुधवार की सुबह हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल डाला। बुधवार की शाम लगभग 6 बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई, रात में तो बारिश की ऐसी झड़ी लगी कि रात भर बंद नहीं हुई। सुबह तक चारों ओर पानी ही पानी नजर आया। लेकिन बारिश ने रुकने का नाम नहीं लिया। रह-रह कर कभी तेज और कभी बौछार होती रही। शाम 3 बजे तक झमाझम हुई।
विज्ञापन

लगातार हुई बारिश ने शहर की गलियों, सड़कों, नालों को लबालब कर दिया। निचले इलाकों विशेषकर पुराना शहर, धोबीघाट, नगर निगम कालोनी, बाबा लाल दास रोड, तोता चौक, ढमोला नदी के किनारे के इलाके, गोपाल नगर, खाताखेड़ी, खालापार समेत दर्जनों मोहल्लों, बाजारों में पानी भर गया। लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया। लोग घरों में ही कैद होकर रह गए।
बारिश से लबालब हुए खेतों को देख किसानों की बांछें खिली रहीं। धान की रोपाई करने वाले किसानों ने रोपाई करने में लग गए। गन्ना के साथ हरे चारे की फसल, बाजरा, ग्वार जैसी फसलों से काफी लाभ हुआ।
बारिश ने उखाड़ दी सड़कें
सहारनपुर। लगातार 21 घंटे हुई बारिश के पानी को सहारनपुर की सड़कें सहन नहीं कर सकीं। लगातार बारिश से सड़कें उखड़ती चली गईं। शहर की प्रमुख सड़क कोर्ट रोड, घंटाघर, बाजोरिया रोड से लेकर शहर की गली तक टूट गईं। जगह-जगह गड्ढे हो गए। छोटी बजरी निकलकर बिखर गई और दुपहिया वाहन फिसलने लगे।
- ढमोला नदी के जलस्तर पर रही नजर
लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। बुधवार की रात में हुई बारिश ने ढमोला का जलस्तर और भी बढ़ा दिया है। बताया जा रहा है कि इस तरह की बारिश लगातार तीन दिन और हुई तो ढमोला नदी आसपास के लोगों के लिए मुसीबत बन जाएगी। अधिकारियों की भी नजरें ढमोला के जलस्तर पर लगी हुईं हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारी निरीक्षण के लिए रोजाना पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

--। केशपुरम के लोगों ने की शिकायत
सहारनपुर। मोहल्ला केशवपुरम केे लोगों ने शिकायत की है, अच्छी खासी सीमेंटेड सड़क को दुबारा बनवाने के लिए जानबूझ कर तोड़ दिया गया। लेकिन सड़क दुबारा नहीं बनवाई गई। लोग काफी परेशान होते रहे। लेकिन बारिश होते ही पूरी सड़क पर पानी भर गया, टूटी हुई सड़क पर पानी भरने से स्थिति खराब हो गई। पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं। लोग बाहर भी नहीं निकल पा रहे हैं। यही पता नहीं चल पा रहा कि कहां गड्ढा है और कहां सड़क है। दोपहिये तो क्या पैदल निकलने में भी हादसों का डर सता रहा है। लोग गिर रहे हैं। इस डर से लोग घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें