छुटमलपुर में सपा के कार्यक्रम में निकाह संपन्न कराते काजी
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के 49 वें जन्मदिन पर सपा के देहात विधायक आशु मलिक ने 21 गरीब मुस्लिम युवतियों का विवाह संपन्न कराया। इस दौरान प्रत्येक नवविवाहिता को 25 हजार रुपये की धनराशि भेंट की गई। कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने लाइव आकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की।
सहारनपुर रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में आयोजित कार्यक्रम में देहात विधायक आशु मलिक ने केक काटकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दीर्घायु होने की कामना की। इसके बाद 21 मुस्लिम युवतियों का निकाह संपन्न कराया गया। इस दौरान विधायक आशु मलिक ने नवविवाहित जोड़ों को 25-25 हजार रुपये कन्यादान के रूप में भेंट स्वरूप दिए। आशु मलिक ने कहा कि सपा ने हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम किया है। कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने वर्चुअल रुप से उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
विवाह समारोह कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष डॉ. रागिब अंजुम, पूर्व विधायक संजय गर्ग, चंद्रशेखर यादव, लियाकत अली एडवोकेट, अब्दुल गफूर, बिलाल अहमद, हाफिज उवैस, मनोज चौधरी, रोहित राणा, महानगर अध्यक्ष आजम शाह, महावीर यादव, संदीप उर्फ अच्छन यादव, कासिम प्रधान, रिहान मलिक आदि मुख्य रुप से मौजूद रहे।