सहारनपुर। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित खूब खेलो-खूब बढ़ो क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबले कराए गए। एवर ग्रीन और विनर क्लब की टीमों ने मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को होगा।
पहला सेमीफाइनल मैच विनर क्लब और दून वैली की टीम के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए दून वैली की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 109 रन बनाए। इनमें मान सिंह ने 33, विनय ने 19 और मयंक ने 16 रन का योगदान दिया। विनर क्लब की ओर से लक्षय और तुषार ने दो-दो तथा सलमान प्रथम और सलमान द्वितीय ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी विनर क्लब की टीम ने 12.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। विनर टीम ने मैच आठ विकेट से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल एवर ग्रीन इलेवन और ग्लोबल क्लब के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करने वाली एवर ग्रीन इलेवन की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 90 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्लोबल क्लब की टीम ने मात्र एक रन से हार गई। इस रोमांचक मैच में एवर ग्रीन इलेवन की टीम ने एक रन से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। मुख्य अतिथि रहे योगेश दहिया ने यासीर को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी सौंपी। इस मौके पर विकास सैनी, अक्षय उपाध्याय, काशीनरेश यादव, फुरकान कुरैशी, लाल धर्मेंद्र प्रताप, शाबान, कोच अब्दुल अहद आदि मौजूद रहे।