सहारनपुर। जम्मू-श्रीनगर मार्ग पर सीआरपीएफ के सैनिकों पर हुए आतंकी हमले से आक्रोशित लोगों द्वारा शौचालय में बिछाए गए पाकिस्तान का झंडा हटाने पर एक युवक को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी धुनाई कर डाली और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगवाए।
आतंकी हमले से आक्रोशित लोगों ने घंटाघर पुलिस चौकी के निकट नाला पटरी पर नगर निगम के सार्वजनिक शौचालय में पाकिस्तान का झंडा जमीन पर डाल दिया था। लोगों का कहना है कि किसी ने पाकिस्तान के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त करने के लिए यह तरीका अपनाया है। बताया जा रहा है कि एक युवक बार-बार झंडा उठाकर ले जा रहा था। जिस पर लोगों ने रोष जताया और आरोपी युवक को पकड़ कर धुनाई कर डाली। आरोप है कि लोगों ने उससे पाकिस्तान मुर्दाबाद, हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगवाए। बाद में उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। नगर कोतवाली प्रभारी पंकज त्यागी का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।