बकाया भुगतान होने तक संघर्ष जारी रखने का आह्वान
सहारनपुर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने और पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण कराने सहित अन्य मांगों को लेकर पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा ने सोमवार को किसान रैली निकाली। बाद में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम सदर परमानंद झा को सौँपा।
पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा ने सोमवार को किसान रैली तल्हेडी बुजुर्ग से शुरू होकर नागल, लाखनौर, टपरी से घंटाघर होते हुए गांधी पार्क पहुंची। रैली वहां सभा में तब्दील हो गई। सभा में सबसे पहले पुलवामा के शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार किसान और गरीब विरोधी साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जो नेता सत्ता में आने से पहले 14 दिन में गन्ना मूल्य भुगतान कराने की बात कर रहे थे, उनकी सरकार में किसान बकाया गन्ना मूल्य पाने के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपनी उपेक्षा का बदला आने वाले लोकसभा चुनाव में लेंगे।
एसडीएम सदर को सौंपे ज्ञापन में मोर्चा ने प्रदेश को चार भागों में बांटकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण करने, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बडे उद्योग स्थापित करने, सभी किसानों का कर्ज माफ करने, फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने, बकाया गन्ना मूल्य पर ब्याज दिलाने, खेती को बढावा देने के लिए कम से कम पांच कृषि विश्वविद्यालय स्थापित करने और किसानों एवं मजदूरों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा एवं चिकित्सा दिलाने सहित अन्य मांगें की।
रैली के दौरान राजेंद्र चौधरी, आसिम मलिक, मनीष सिंह, डॉक्टर अशोक मलिक, रिजवान चौधरी, प्रदीप चौधरी, राव गुलजार प्रधान, असगर अली, डॉक्टर पहल सिंह सैनी, नसीम आजाद, राजपाल सिंह, सरदार गुलविन्दर सिंह बंटी, भूरा त्यागी, भगत सिंह, मांगेराम सैनी, नैन सिंह सैनी, मुन्नू भटठल, आदि मौजूद रहे। संचालन हाफिज मुर्तजा त्यागी ने किया।