गायों की देखरेख में न की जाए लापरवाही : कमिश्नर
सहारनपुर। मंडलायुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी और जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने मंगलवार को तीन गोशालाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गोशाला प्रबंधकों को गायों की सही देखभाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में सुधार के लिए जिला प्रशासन की तरफ से हरसंभव सहायता दी जाएगी।
मंगलवार को अधिकारियों ने भारत माता चौक स्थित श्री गो देवी मंदिर (गोशाला) का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने गोशाला में गायों को दिए जाने वाले चारे की गुणवत्ता देखी। उन्होंने गोशाला में सुधार के लिए प्रबंधकों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हरसंभव सहायता मुहैया कराएगा। इसके बाद अग्रवाल धर्मशाला स्थित गोशाला पहुंचे। उन्होंने विभिन्न नस्लों की गायों की खूबियों को जाना। इसके साथ ही गोशाला स्वामियों से गोवर्धन स्कीम का लाभ लेने का सुझाव दिया।
गोशाला प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि गोशाला पर प्रतिमाह छह लाख रुपये का खर्च आता है जबकि 100 से 150 सदस्यों द्वारा करीब तीन लाख रुपये दान में मिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि घास और बिजली की समस्या रहती है। कमिश्नर और डीएम ने भरोसा दिलाया कि पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। गोशाला कर्मचारियों ने गायों में खुरपका मुंहपका रोग के उपचार की व्यवस्था करने की मांग की।
इसके बाद कमिश्नर और डीएम ने गांव सांवलपुर नवादा पहुंचकर निर्माणाधीन गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि यह काम 26 जनवरी तक पूरा हो जाना चाहिए। इससे पहले उन्होंने गांव घोघरेकी स्थित नागादेव नदी के पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नदी की भूमि की ठीक प्रकार से पैमाइश कराकर सरकारी जमीन को समतल कराने के निर्देश दिए ताकि भूमाफिया जमीन पर कब्जा न कर सकें। अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसके दूबे, नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी रहे।