सहारनपुर। सहारनपुर-दिल्ली हाईवे के फोर लेन होने के बाद बेशक जिले के लिए महत्वपूर्ण आवागमन का जरिया होगा, लेकिन जिले को विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य वर्षों पहले घोषणा होने के बावजूद आज भी शिलान्यास होने का इंतजार कर रहे हैं, जिले के विकास के लिए लोग मांग भी करते आ रहे हैं, लेकिन अभी तक उन पर सुनवाई भी नहीं की गई है।
सहारनपुर-दिल्ली हाईवे को फोरलेन बनाने के लिए मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिलान्यास करेंगे। जिले के लोगों को उम्मीद भी है कि शिलान्यास होने के बाद इस हाईवे पर निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा। बेशक चुनाव तक न बन सके, लेकिन अगले डेढ़, दो साल में यह हाईवे पूरा हो ही जाएगा, लेकिन जिले के विकास के लिए सिर्फ हाईवे ही नहीं अन्य कार्यों की भी दरकार है, जिनकी मांग क्षेत्र के लोग वर्षों से करते चले आ रहे हैं, कई मांगों को लेकर घोषणाएं भी की जा चुकीं हैं, लेकिन वे आज तक शिलान्यास का इंतजार ही कर रही हैं। सरसावा में यात्रियों के लिए हवाई पट्टी बनाए जाने की मांग कई वर्षों से चली आ रही है, जिसकी घोषणा सरकार चुकी है, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ है। आज भी सहारनपुर के लोग हवाई पट्टी के लिए शिलान्यास होने का इंतजार कर रहे हैं।
यही नहीं सहारनपुर में विश्वविद्यालय, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म का निर्माण कराए जाने की मांग भी वर्षों से चली आ रही है। आउटर रिंग रोड बाईपास के निर्माण की मांग चली आ रही है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा सांसद और विधानसभा में मुद्दा भी उठा चुके हैं, लेकिन सिर्फ घोषणाओं तक मांगे सिमट कर रह गई है और धरातल पर कोई काम शुरू नहीं हो सका है।