सहारनपुर। जनकपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्द निवासी मो.आलिम ने शहर के हड्डी रोग विशेषज्ञ पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। आलिम का कहना है कि 29 मई 2016 को दुर्घटना में उसके पैर की हड्डी टूट गई थी। जिसके उपचार के लिए वह प्रकाश पुरम स्थित शिवम आर्थोमेडिक्स एवं ट्रामा सेंटर संचालक डाक्टर शशिकांत सैनी के पास गया। 31 मई 2016 को उसका ऑपरेशन किया और 4 जून 2016 को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 15 जून को को फिर बुलवाया गया और तब से उसका इलाज चलता रहा। 25 मार्च 2018 तक उपचार चलता रहा, लेकिन न तो हड्डी ठीक हुई और न दर्द में ही आराम मिला। इस दौरान उसके लगभग पांच लाख रुपये खर्च कर दिए गए। जब उसने दूसरे चिकित्सक को 27 मार्च 2018 को चेक कराया तो दूसरे चिकित्सक ने उसे दुबारा ऑपरेशन कराने के लिए कह दिया। उसने बताया कि हड्डी जुड़ नहीं पाई है। 11 अप्रैल 18 को सरकारी अस्पताल में चेकअप कराया तो मामला गंभीर बताते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
आलिम ने आरोप लगाया कि डाक्टर शशिकांत सैनी ने उसका उपचार ठीक प्रकार से नहीं किया। उपचार में लापरवाही बरती है। इस मामले में उसने डीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में डाक्टर शशिकांत सैनी का कहना है कि उन पर लापरवाही का आरोप गलत है। मो. आलिम ने इस बारे में उन्हें नहीं बताया। उन्होंने कहा कि कुछ मरीजों के शरीर की स्थिति के चलते हड्डी नहीं जुड़ पाती हैं। इसलिए उनमें दोबारा ऑपरेशन की जरूरत पड़ती है। वह मरीज को सही जानकारी देकर ही उपचार करते हैं।