गंगोह (सहारनपुर)। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद पूसा कैंपस में आयोजित कृषि उन्नति मेला 2018 में क्षेत्र के ज्योति ग्रामोद्योग संस्थान के अध्यक्ष अजय सैनी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मौन पालन की जानकारी देने का अवसर प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री द्वारा अपने भाषण में भी किसानों को मौन पालन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया है।
अजय सैनी ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा दिनांक 17, 18, 19 मार्च को कृषि उन्नति मेले का आयोजन किया गया था। मेले में देश भर से कृषि वैज्ञानिकों, किसानों ने अपनी नवीनतम जानकारियों के साथ भाग लिया। इस अवसर पर नेशनल बी-बोर्ड कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा थीम पवेलियन में मधुमक्खी पालन की नवीनतम जानकारी एवं तकनीक किसानों को देने हेतु प्रदर्शनी स्टॉल लगाया गया। थीम पवेलियन इसलिए महत्वपूर्ण था, क्योंकि माननीय प्रधानमंत्री जी को थीम पवेलियन का भ्रमण करना था। थीम पवेलियन में केवल चार विभागों को अपने उत्पाद एवं तकनीक प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ। नेशनल बी-बोर्ड द्वारा सभी नवीनतम जानकारी एवं मधुमक्खी पालन से उत्पादित एवं अन्य बहुमूल्य उत्पादों के उत्पादन को तकनीक सहित प्रदर्शित किया गया।
कृषि मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जानकारी देते हुए नेशनल बी-बोर्ड के अधिशासी अधिकारी बीएल सारस्वत एवं ज्योति ग्रामोद्योग संस्थान के अध्यक्ष अजय कुमार सैनी को अधिकृत किया गया था। बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को विस्तार से मधुमक्खी पालन एवं मधुमक्खियों से प्राप्त होने वाले बहुमूल्य उत्पादों के उत्पादन की तकनीक से अवगत कराया, जिसे प्रधानमंत्री द्वारा सराहते हुए अपने संबोधन में उपस्थित जनसमूह से मधुमक्खियों की महत्ता एवं मधुमक्खियों का कृषि उत्पादन बढ़ाने में योगदान की विस्तार से चर्चा की।