किसान महापंचायत में अधिक से अधिक पहुंचें किसान
सहारनपुर। भाकियू के मंडल अध्यक्ष अरुण राणा ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी साबित हुई है। इसके चलते किसान अब केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाकर पछता रहे हैं। उन्होंने किसानों से 13 मार्च को दिल्ली के जंतर मंतर पर होने वाली किसान महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
शनिवार को दयाल कालोनी स्थित भाकियू के महानगर अध्यक्ष के दयाल कालोनी स्थित आवास पर आयोजित बैठक में मंडल महासचिव ने कहा कि भाकियू 27 मार्च को मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी। महानगर अध्यक्ष चौधरी मुकेश तोमर ने कहा कि किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू नई दिल्ली के जंतर मंतर पर 13 मार्च को बड़ी किसान महापंचायत का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसान पंचायत में मय ब्याज बकाया गन्ना मूल्य दिलाने, बिजली की दरों में बढ़ोतरी को वापस लेने सहित अन्य मांग की जाएंगी। अमित मुखिया और गौरव चौधरी ने कहा कि अपनी मर्जी से फसलों का मूल्य निर्धारित करने वाली सरकार किसान हितैषी कैसे हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसान की उपेक्षा को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अजनीश चौधरी, शिवकुमार, प्रदीप, ऋषिपाल, जुगमिंदर, सुमित चौधरी, नरेंद्र, भोपाल, कुशलपाल, कृपाल राणा, अंचल सिंह आदि रहे।