सहारनपुर। एक तरफ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने का पाठ पढ़ा गए। लेकिन इसका असर भाजपाइयों पर नहीं पड़ा। इन दिनों भाजपा महानगर में घमासान मचा हुआ है। नगर निगम चुनाव नजदीक और पार्टी में गुटबाजी पूरी तरह हावी हो चुकी है। इस बात से हाईकमान चिंतित है। भाजपा अनुशासन समिति ने महानगर में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच चल रही अंतर्कलह की जांच शुरू करा दी है। महानगर कार्यकारिणी में जल्द कई पदाधिकारियों पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। भाजपा महानगर कार्यकारिणी में गुटबाजी चरम पर है। बुधवार की शाम पार्टी कार्यालय पर बैठक के दौरान हुए हंगामे के बाद हाईकमान गंभीर हो गया है। कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के पास ना बनवाने का आरोप लगाते हुए जमकर बखेड़ा किया था। इससे पूर्व भी हाईकमान को महानगर में चल रही अंतर्कलह की लिखित शिकायतें मिलती रही हैं। पार्टी सूत्र बताते हैं कि 20 दिन पूर्व महानगर मंत्री नरेश धनगर ने प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक मोंगा, सत्येंद्र सिसौदिया और क्षेत्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर को पत्र लिखकर महानगर कार्यकारिणी में चल रहे विवाद की जानकारी दी थी। इससे पूर्व एक अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता ने भी अपने साथ हुए दुर्व्यवहार की शिकायत प्रदेश संगठन मंत्री से की थी। इसके अलावा अन्य पदाधिकारी गुपचुप रूप से हाईकमान को प्रकरणों से अवगत करा चुके हैं। लेकिन खुलकर सामने आने को कोई तैयार नहीं है।
इस सभी मामलों गंभीरता से लेते हुए भाजपा अनुशासन समिति ने महानगर कार्यकारिणी में चल रहे घमासान की जांच शुरू कर दी है। इससे महानगर कार्यकारिणी के पदाधिकारियों में हड़कंप मचा है। कई पदाधिकारियों पर जल्द कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। क्योंकि, नगर निगम चुनाव नजदीक है। ऐसे में महानगर में चल रहे अंतर्कलह से भाजपा को नगर निगम चुनाव में भारी नुकसान होता दिखा रहा है।
मेला गुघाल के कार्यक्रमों लेकर भी गुटबाजी
सहारनपुर। मेला गुघाल के कार्यक्रमों को लेकर भी भाजपाइयों में गुटबाजी शुरू हो गई है। मेले के कार्यक्रमों को लेकर भाजपाइयों के वरिष्ठ नेताओं की एक समिति बनाई गई है। इस समिति के सदस्यों में कार्यक्रम अपने नजदीकियों को दिलवाने को लेकर विवाद पनपने लगा है।
अनुशासनहीनता किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महानगर कार्यकारिणी में चल रहे विवादों की जांच अनुशासन समिति कर रही है। जो पदाधिकारी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- चौधरी भूपेंद्र सिंह, पंचायतराज मंत्री एवं पश्चिमी क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा।