--। जिले की सीमाओं पर कड़ी चौकसी, चेकिंग की गई
--। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पर कड़ी निगरानी
फोटो -
सहारनपुर। डेरा सच्वा सौदा के प्रमुख राम रहीम को यौन शोषण के मामले में दोषी करार दिए जाने और गिरफ्तार किए जाने के बाद भड़की हिंसा के चलते सहारनपुर में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है। बाहर से किसी को भी बिना चेकिंग के नहीं आने दिया जा रहा। जगह-जगह फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगा दी गई हैं। अनुयायियों के क्षेत्र में पुलिस तैनात कर दी गई है।
सुबह से ही सीबीआई कोर्ट के निर्णय पर अधिकारियों की नजरें लगी हुईं थीं। फैसला आने के बाद भड़की हिंसा के तुरंत बाद जिले में धारा 144 लागू कर दी गई। पुलिस अधिकारी पुलिस बल और पीएसी के साथ सड़कों पर उतर आए। सीओ-एसडीएम, एएसपी-एडीएम की टीमों ने जिले भर में चौकसी शुरू कर दी। सभी थाना प्रभारियों को अलग-अलग टीमें बनाकर क्षेत्रों में भेज दिया गया। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के अलावा टपरी रोड, हकीकत नगर में गश्त बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने अनुयायियों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की।
सुरक्षा की दृष्टि से जिले की सीमाओं पर कड़ी चौकसी कर दी गई। जिले की दूसरे राज्यों से जुड़ी सरसावा, चिलकाना, मिर्जापुर, गंगोह पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सहारनपुर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की गई और गतिविधियों के बारे में जानकारी की गई।
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि सीओ, एसडीएम, एएसपी और एडीएम और सभी थाना प्रभारियों को टीम बनाकर क्षेत्र में भ्रमण कर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सरसावा, चिलकाना, मिर्जापुर और गंगोह इन सीमा पर चेकिंग कराई जा रही है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर ड्यूटी लगा दी गई हैं। दमकल विभाग की टीम को भी अलर्ट कर दिया गया है। रात में अलग और सुबह निगरानी के लिए अलग से टीम लगाई गई है।