सहारनपुर। डेंगू और बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। बृहस्पतिवार को भी डेंगू के 20 नए मामले सामने आए। इनके अलावा गांव और शहर में 22 जगहों में आयोजित चिकित्सा शिविर में पहुंचे लोगों में 148 मरीज बुखार के पहुंचे। इनके खून के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। इसके अलावा टीमों ने घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचने के लिए जागरूक भी किया।
सीएमओ डॉ. संजीव मागलिक के निर्देश पर बृहस्पतिवार को ब्लॉक गंगोह के गांव बालू, रादौर, खंडलाना, ब्लॉक नकुड़ के गांव अंबेहटा चांद, ब्लॉक देवबंद के गांव नन्हेड़ा, मिरगपुर, रणखंडी, बेहड़ी खुर्द, ब्लॉक बलिया खेड़ी के सुन्हेटी खड़खड़ी, शेरपुर, शाहपुर, ताशीपुर, रूपड़ी गुर्जर, उमाही, सबदलपुर, मनानी, कांकरकुई, मोहनपुर, लंढौरा, नौजरी, ब्लॉक सरसावा के गांव बीदपुर, ब्लॉक रामपुर मनिहारान तथा नगर क्षेत्र में मंडी समिति, नवीन नगर में स्वास्थ्य शिविर लगाए। इनमें 543 रोगी पहुंचे, इनमें से 148 में बुखार की शिकायत मिली। सभी के नमूने जांच के लिए भेजे। इनके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 2635 घरों मेंर 10579 लोगों को बीमारियों से बचने के लिए जागरूक किया। सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक और जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने ब्लॉक रामपुर मनिहारान के बुखार प्रभावित गांवों का दौरा किया।