सहारनपुर। हरियाणा के हिसार शहर में आयोजित नॉर्थ इंडिया पैनकेक सिलैट प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सहारनपुर के खिलाड़ियों ने अनेक पदकों पर कब्जा किया। लौटने पर मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में पदक विजेताओं का स्वागत किया गया।
पैनकेक सिलैट स्पोर्ट्स एसोसिएशन सहारनपुर की सचिव पूजा ने बताया कि हिसार में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने प्रतिभाग किया, जिसमें कुल 64 खिलाड़ी शामिल रहे। उत्तर प्रदेश ने 17 स्वर्ण, 10 रजत और 13 कांस्य पदकों पर कब्जा करते हुए प्रतियोगिता में तीसरा स्थान पाया। सहारनपुर की ओर से नौ खिलाड़ी शामिल रहे। सहारनपुर की रुपाल प्रजापति ने 70 किलोग्राम भार में तथा अंजलि कौशिक ने 40 किलोग्राम भार में स्वर्ण तथा सिमरन राणा ने 52 किलोग्राम और आरजू राणा ने 54 किलोग्राम भार में कांस्य पदक जीते। लौटने पर डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों का स्वागत हुआ। इस मौके पर अध्यक्ष जसपाल सिंह, सूरज प्रकाश श्रीवास्तव, सुमन, प्रदीप कर्णवाल, पंकज कुमार, पंकज सक्सेना, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार, जिला उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव, लाल धर्मेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।