सहारनपुर। शनिवार को स्कूल से वापस लौटते समय लापता हुआ इंटरमीडिएट का छात्र मंगलवार रात लगभग आठ बजे खुद ही अपने घर पहुंच गया। पुलिस ने छात्र से पूछताछ का प्रयास भी किया, लेकिन छात्र कुछ नहीं बता सका। देहात कोतवाली के मोहल्ला शेखपुरा कदीम निवासी राव उमर का पुत्र राव साहिब पेपर मिल रोड स्थित आरसी इंटर कालेज में कक्षा 12 का छात्र शनिवार की सुबह वह घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा। रविवार को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने छात्र की तलाश में कई जगह के सीसीटीवी को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज में छात्र ई-रिक्शा में बैठकर पेपर मिल रोड से विश्वकर्मा चौक की तरफ आता नजर आया। जिससे छात्र राव साहिब के रोडवेज बस अथवा ट्रेन में बैठकर दून निकलने की आशंका जताई जा रही थी।
लेकिन मंगलवार रात लगभग आठ बजे छात्र खुद ही अपने घर पहुंच गया। छात्र के घर पहुंचने की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी, उससे पूछताछ करने के लिए पुलिस भी उसके घर पहुंच गई। लेकिन छात्र के परिजनों ने छात्र से बात कराने से मना कर दिया। देहात कोतवाली प्रभारी पवन चौधरी ने बताया कि छात्र के परिजनों ने छात्र की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए सुबह बात करने के लिए कहा है। पूछताछ के लिए पुलिस सुबह फिर छात्र के घर जाएगी।