सहारनपुर। पुराना कलसिया रोड पर मोहल्ला मातागढ़ से पांवधोई नदी तक करोड़ों की लागत से बनाई गई सीसी रोड चार साल भीतर ही जवाब दे गई। इसकी मुख्य वजह सड़क के दोनों ओर नाला नहीं बनाया जाना और सड़क बनने के बाद सीवर लाइन डालने के बाद ठीक से मरम्मत न कराया जाना है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव होने और टूटे होने की वजह से स्थानीय कॉलोनियों के लोग खासे नाराज हैं। उन्होंने प्रशासन पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया है।
करीब चार साल पहले विकास प्राधिकरण ने सीसी रोड का निर्माण कराया था। मगर बनने के करीब दो वर्ष बाद ही उक्त रोड पर सीवर लाइन डाली गई। इसकी वजह से मोहल्ला मातागढ़ से म्यूनिसिपल कॉलोनी तक सड़क की एक साइड को तोड़ा गया। सीवर लाइन डालने के बाद सड़क को दुरुस्त तो कराया गया। मगर सही से निर्माण नहीं होने की वजह से सड़क जगह-जगह से बैठ गई। खास बात यह है कि सीवर लाइन डालने से पहले सड़क का हिस्सा तोड़े जाने से जो मलबा निकला था वह भी सड़क किनारे और कहीं कहीं सड़क पर ही फैला पड़ा है, जिसकी वजह से यातायात व्यवस्था गड़बड़ा रही है। इसके अलावा रोड के दोनों ओर नाले का भी निर्माण नहीं किया गया है। नाला नहीं होने की वजह से रोड से सटी कॉलोनियों का पानी सड़क पर फैल रहा है। कुछ जगह पर पता ही नहीं चलता है कि यह सड़क है या नाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क बनाने के साथ ही नाला भी बना दिया गया होता तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती।
-------------------------------
गुजरते हैं एक दर्जन कॉलोनियां और कई गांव के लोग
पुराना कलसिया रोड पर जहां तक सीसी रोड बना है उस पर करीब एक दर्जन कॉलोनियां बसी हैं। उक्त कॉलोनियों के साथ ही इस मार्ग से पुराना कलसिया रोड पर बसे गांव बिशनपुर, ज्ञानागढ़, खुब्बनपुर, शकलापुरी, हसनपुर, टोपरी, सरकड़ी, मुल्लापुर, नगराजपुर आदि के हजारों लोग भी प्रतिदिन गुजरते हैं, जिनको सड़क के टूटे होने और सड़क पर जलभराव से परेशानी हो रही है।
-------------------------------
स्कूली बच्चों को होती है सबसे अधिक परेशानी
पुराना कलसिया रोड पर जेवी जैन इंटर कॉलेज, एचएवी इंटर कॉलेज और कई प्राइवेट कॉलेज हैं। इसके अलावा मुन्नालाल कॉलेज और श्री हिन्दू कन्या इंटर कॉलेज की भी अनेक छात्राएं इसी मार्ग से होकर गुजरती हैं। पैदल चलने वाले स्कूली छात्रों को सड़क पर हुए जल भराव के बीच से गुजरना पड़ता है।
---------------------------------
रोड़ से जुड़ी कॉलोनियां
पुराना कलसिया रोड पर मातागढ़, भीष्मनगर, अजीम कॉलोनी, वाल्मीकि बस्ती, हस्मत कॉलोनी, इसरार कॉलोनी, हसन कॉलोनी, शहीद कॉलोनी, मंशा कॉलोनी, शिवधाम कॉलोनी आदि स्थित हैं, जिनकी हजारों की आबादी जलभराव वाली पुराना कलसिया रोड से ही होकर गुजरती है।
----------------------------------
क्या कहते हैं क्षेत्रवासी
-मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि सड़क करीब चार साल पहले बनाई गई थी। मगर लोगों के कहने के बाद भी नाला नहीं बनाया गया। इसकी वजह से कॉलोनियों से निकलने वाला पानी सड़कों पर रहता है। हल्की सी बारिश में घुटनों तक पानी हो जाता है। इसकी वजह से बीमारियां भी फैल रही हैं।
-गुलबहार ने बताया कि सड़क बनने के कुछ ही समय बाद सड़क को तोड़कर सीवर लाइन डाली गई, जिसमें लंबा समय लगा। मगर उसके बाद बनाई गई सड़क ठीक से नहीं बनाई, जिसकी वजह से वह जगह-जगह से टूट चुकी है। उन्होंने निकासी की व्यवस्था नहीं होने को दूसरी बड़ी समस्या बताया।
-सउद ने बताया कि शहर को स्मार्ट सिटी घोषित कर दिया गया है, मगर हमें नहीं लगता है कि हम भी उसका हिस्सा हैं। क्षेत्र की मुख्य सड़क जर्जर है। पानी की निकासी नहीं होने की वजह से जगह-जगह जलभराव है। यदि नाला बन गया होता तो सड़क का यह हाल नहीं होता। उन्होंने नगर निगम और प्रशासन पर क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
---------------------------------
विभागों को नहीं मालूम किसने कराया कार्य
पुराना कलसिया रोड पर बनाई गई सीसी सड़क से विभाग पल्ला झाड़ रहे हैं। नगर निगम के एक्सईएन निर्माण आलोक ने बताया कि सड़क पीडब्ल्यूडी ने बनवाई है ऐसे में पीडब्ल्यूडी ही जवाब दे सकता है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन कर्म सिंह ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले ही ज्वाइन किया है। ऐसे में पता नहीं है कि सड़क पीडब्ल्यूडी ने ही बनवाई है या नहीं। एई मोहित ने बताया कि पुराना कलसिया रोड पर सड़क बनाया जाना विभाग के रिकार्ड में नहीं है। उन्होंने बताया कि एसडीए ने सड़क बनवाई होगी। एसडीए के कार्यवाहक सचिव विजय शुक्ला ने भी जानकारी होने से इंकार किया। उन्होंने एई सीएम अग्रवाल से बात करने को कहा। सीएम अग्रवाल ने कहा कि वऱ्ह साढ़े तीन साल पहले ही सहारनपुर आए हैं। ऐसे में मालूम नहीं है कि सड़क एसडीए ने बनवाई थी या नहीं। इतना ही नहीं, सड़क पर सीवर लाइन किस विभाग ने डाली इसका भी जवाब किसी अधिकारी के पास नहीं है।