बहुमंजिला पुलिस बैरक के पुनरीक्षित बजट को मिली स्वीकृति
सहारनपुर। पुलिसकर्मियों को रुकने के लिए पुलिस लाइन में जल्दी ही बहुमंजिला बैरक का निर्माण शुरू होगा। शासन ने इस परियोजना के लिए पुनरीक्षित बजट को स्वीकृति प्रदान कर दी है तथा दूसरी किश्त के रूप में दो करोड़ रुपये भी आवंटित कर दिए हैं।
सहारनपुर जनपद में पुलिसकर्मियों को रुकने के लिए बैरकों की कमी सामने आती रही है। अन्य जनपदों से स्थानांतरित होकर आने वाले पुलिसकर्मियों को बैरक नहीं मिलने पर बाहर ही कमरा तलाशना पड़ता है। उसमें पुलिसकर्मियों को काफी कठिनाई उठानी पड़ती हैं। इसी लिहाज से पुलिस लाइन में बहुमंजिला बैरक बनाई जानी प्रस्तावित है, जिसका प्रस्ताव पूर्व में शासन को भेजा गया था। इस बैरक में 200 पुलिसकर्मियों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी।
वर्ष 2016-17 में इस परियोजना के लिए 7,27,31,000 रुपये प्रस्तावित किए गए थे। तब प्रथम किश्त के रूप में दो करोड़ 90 लाख रुपये भी जारी किए गए थे, लेकिन उस धनराशि से बहु मंजिला बैरक का निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा था। बाद में इस परियोजना की डीपीआर तैयार कराई गई। डीपीआर के आधार पर पूर्व में जारी प्रथम किश्त की धनराशि को समायोजित करते हुए पुनरीक्षित बजट के रूप में 6,81,32,000 रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। पुनरीक्षित बजट में से दो करोड़ रुपये की किश्त का आवंटन किया गया है तथा 2016 की नियम व शर्तों के आधार पर धनराशि अवमुक्त की जाएगी। इस संबंध में अनु सचिव पद्माकर शुक्ल ने पुलिस मुख्यालय तथा सहारनपुर जनपद के पुलिस अधिकारियों को पत्र भेजा है। इस परियोजना के पूरे होने पर पुलिसकर्मियों को ठहरने के लिए बैरक के रूप में उचित सुविधा मिल सकेगी, जिस कारण पुलिसकर्मियों को आवास तलाशने के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।
31 मार्च तक पूरा करना होगा कार्य
पुलिस लाइन में बहुमंजिला बैरकों का निर्माण 31 मार्च 2019 तक पूर्ण करना होगा। परियोजना का कार्य शुरू करने से पहले सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृति लिए जाने, बिल्डिंग का मानचित्र पुलिस मुख्यालय द्वारा स्थानीय विकास प्राधिकरण से स्वीकृत कराया जाएगा।