पांच माह बाद भी पुलिस चौकी पर लटके ताले
गंगोह। करीब पांच माह पूर्व डीएम और एसएसपी द्वारा ग्राम बहलोलपुर में नवनिर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन करने के बाद भी वहां अब तक किसी पुलिस कर्मी की तैनाती नही की गई है। ग्रामीणों को चौकी का कोई लाभ नही मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने एसएसपी से अविलम्ब पुलिस कर्मियों की तैनाती कराने की मांग की है।
बता दें कि महंगी, बहलोलपुर, बालू सहित अन्य क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों को किसी भी घटना की सूचना या तहरीर देने के लिए 14 किमी दूर तीतरों थाने जाना पड़ता है। इसे लेकर ग्रामीण बेहद परेशान थे। ग्रामीणों की मांग पर गंगोह-नानौता हाईवे पर ग्राम बहलोलपुर मंदिर के पास पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया था। 29 मार्च को जिलाधिकारी पीके पांडेय एवं एसएसपी बबलू कुमार ने चौकी का उद्घाटन किया था। पांच माह बीतने के बावजूद अभी तक कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं किया गया है। चौकी पर ताले लटके हैं। चौकी के लिए भूमि दान देने वाले किसान सुनील का कहना है कि उसने जिस जनहित के उद्देश्य से अपनी बेशकीमती जमीन दान की थी। वह अब तक अधूरा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संत कुमार हैदरपुर, बलजीत सिंह, तनवीर अहमद, लखपत राय सैनी, नीरज वर्मा आदि ग्रामीणों ने पुलिस चौकी को जल्द शुरू कराने की मांग की है।