सहारनपुर। मंजे हुए अभिनय और सधी डायलॉग डिलीवरी से फिल्म जगत में पहचान बना चुके इनामुलहक फ्रांस में आयोजित कान्स फिल्म फेस्टिवल में छाए हुए हैं। इतना ही नहीं, फेस्टिवल में उनका पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसे लेकर इनामुलहक के साथ ही सहारनपुर के कला प्रेमी भी उत्साहित हैं।
फिल्मिस्तान, एयरलिफ्ट, जॉली एलएलबी-2 और लखनऊ सेंट्रल जैसी बड़ी फिल्मों में अहम भूमिका निभा चुके इनामुलहक की नई फिल्म नक्काश रिलीज हो रही है। फ्रांस में चल रहे कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी इनामुलहक की फिल्म नक्काश को विशेष जगह मिली है। बाकायदा फ्रांस में आयोजित फिल्म फेस्टिवल में इनामुलहक का बड़ा पोस्टर जारी किया गया है। इप्टा के पूर्व अध्यक्ष सरदार अनवर ने बताया कि कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे इंडिया पवेलियन में आयोजित फस्ट लुक लांच कार्यक्रम में फ्रांस फिल्म प्रोडक्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष जीन फ्रांसकोइस और विश्व सिनेमा की अनेक बड़ी हस्तियां हिस्सा ले रही हैं। भारत से सुभाष घई, दिव्या दत्ता, हुमा कुरैशी आदि पहुंची हैं। इनामुलहक की इस उपलब्धि से सहारनपुर के रंगकर्मियों में खुशी की लहर है। इप्टा के अध्यक्ष निमिष भटनागर ने कहा कि कान्स फिल्म फेस्टिवल में दुनिया के बेहतरीन सिनेमा और टैलेंट को जगह मिलती है। ऐसे में सहारनपुर में जन्मे इनामुलहक का इस फेस्टिवल का हिस्सा बनना केवल सहारनपुर ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के लिए बड़ी उपलब्धि है। इनामुलहक ने भी अपनी इस उपलब्धि को फेसबुक पेज पर शेयर किया है। काशिफ सिद्दीकी, राजीव सिंघल, जावेद सरोहा, केके गर्ग, शराफत, सतनाम, योगेश, अक्षय, अंकित आदि ने इस पर खुशी जताई है।