सहारनपुर। यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और कायदों को तोड़ने वालों का आंकड़ा तैयार करने के लिए अब पुलिस हाईटेक तरीका अपनाने जा रही है। एसएसपी की पहल पर सहारनपुर में ई चालान शुरू किया जा रहा है। पहले चरण में यातायात निरीक्षक और सीओ को ई चालान का अधिकार दिया जाएगा। इसके बाद इसे थानास्तर पर लागू किया जाएगा। इससे नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए दंड भुगतान में आसानी होगी। इसके अलावा चोरी के वाहनों पर पुलिस आसानी से नजर रख पाएगी।ट्रैफिक नियमों को कड़ाई से लागू कराने के लिए अब ई चालान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत भारत सरकार की वेबसाइट के जरिए ही एक एप विकसित कर पुलिस ने ई चालान की तैयारी शुरू की है। इसके तहत ई चालान होने पर आरोपी के पास भुगतान का भी विकल्प रहेगा। यदि मौके पर भुगतान किया जाता हे तो ऑनलाइन रिसिप्ट दी जाएगी। यदि भुगतान नहीं किया जाता है तो चालान ऑनलाइन कर आगे भेज दिया जाएगा। उस चालान की स्थिति सीओ से लेकर एसएसपी तक चेक कर पाएंगे। पहले चरण में यातायात निरीक्षक और सीओ ट्रैफिक के जरिए इसकी शुरुआत कराई जाएगी। इसके बाद थानों में स्मार्ट फोन और प्रिंटर के जरिए ई चालान शुरू किया जाएगा। इसके जरिए थानों पर भी ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ टीम बनाकर चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
--------------------------------------
चोरी के वाहनों पर भी रहेगी नजर
ई चालान को आरटीओ की वेबसाइट से भी जोड़ा जाएगा। इसमें वाहन का नंबर डालते ही उसका पूरा विवरण सामने आ जाएगा। इसमें कई बार चोरी के वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलने वालों पर शिकंजा कसेगा। कारण, पुलिस की पकड़ में आने के बाद वाहनों की भी जांच हो जाएगी।
-----------------------------
थानों से हटाए जाएंगे वाहनों के कबाड़
थानों पर जब्त किए गए चोरी के वाहनों के अलावा अन्य गाड़ियों को हटाया जाएगा। इसके लिए सभी थानों को एसएसपी ने निर्देश जारी कर दिया है। इसमें 15 दिनों में सभी थानों से वाहनों का हटा दिया जाएगा।
--------------------------
ई चालान को शुरू किया जा रहा है। इसके जरिए यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के साथ ही चोरी के वाहनों पर नजर रखी जा सकेगी। इसे थानों में लागू कराया जाएगा। यह अपनी तरह का पहला प्रयोग है। - बबलू कुमार, एसएसपी