विरोध के बीच हिंडन की 45 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। राजस्व विभाग की टीम ने सोमवार को विरोध के बावजूद हिंडन नदी की 45 बीघा भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। पुलिस के सख्ती दिखाने के बाद लोग शांत हो गए।
एसडीएम सदर के आदेश पर सोमवार सुबह हलका लेखपाल कुमार पराशर और बलराम की टीम हिंडन नदी के खसरा नंबर 132 जमीन पर पहुंची। इस पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा करके गेहूं की फसल बो रखी थी। टीम ने जैसे ही ट्रैक्टर चलाकर खड़ी फसल को नष्ट करना शुरू किया तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इनमें शामिल चंद्रपाल, विजय पाल, मेघराज, टीटू, रणधीर, राकेश, जसबीर आदि ग्रामीणों का कहना था कि काफी समय से इस जमीन के पट्टे उन्हें आवंटित किए गए थे। कई साल से वे खेती करते आ रहे हैं।
लेखपाल कुमार पराशर ने ग्रामीणों को बताया कि पट्टे 20 वर्ष से अधिक समय पूर्व निरस्त किए जा चुके हैं। इस बाबत संबंधित पट्टेधारकों को कई बार पहले भी बताया जा चुका है। इसके बावजूद उन्होंने जमीन को खाली नहीं किया। इसके बाद भी ग्रामीण शांत नहीं हुए और उन्होंने विरोध जारी रखा। इसी बीच राजस्व टीम द्वारा थाना गागलहेड़ी पुलिस को सूचना दे दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मामला शांत कराया। इसके बाद जमीन को खाली करा दिया गया।