सहारनपुर। वैध खनन सामग्री का परिवहन खुलवाने की मांग को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल से जुडे़ व्यापारियों ने एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि जिले में खनन सामग्री उपलब्ध नहीं होने से व्यापारियों से लेकर मजदूरों तक को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही तमाम विकास कार्य ठप पडे़ हैं।
सोमवार को अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसके दूबे को व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि खनन सामग्री उपलब्ध नहीं होने से जिले के हजारों लोग बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश के अन्य जिलों में दूसरे राज्यों से भी वैध खनन आ रहा है, इसी प्रकार जनपद में भी वैध खनन सामग्री को आने की अनुमति दी जाए। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि एनजीटी से यदि खनन पर रोक हटी तो भी ई टेंडरिंग आदि प्रक्रिया पूरी होने में एक से डेढ़ महीना तक लग सकता है। ऐसे में यदि दूसरे राज्यों से वैध खनन सामग्री आने से जहां व्यापारियों और मजदूरों को राहत मिलेगी वहीं जिले के रुके हुए विकास कार्यों में भी तेजी आएगी। इस दौरान विवेक चावला, विवेक शर्मा, दिनेश सेठी, अनेश शर्मा आदि रहे।