सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि विशेष सफाई अभियान के माध्यम से वेक्टर जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। 19 अगस्त को पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी पुवांरका विकासखंड के गांव पीकी व महमूदपुर में विशेष सफाई अभियान में श्रमदान करेंगे।
शुक्रवार को जिलाधिकारी व जिला स्वच्छता समिति के अध्यक्ष पीके पांडेय ने कलक्ट्रेट सभागार में 17 से 25 अगस्त तक संचालित होने वाले विशेष सफाई अभियान सप्ताह की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायतों में न्याय पंचायत स्तरीय रोस्टर के माध्यम से सफाई कराने, स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्लोरीन की टिकिया उपलब्ध कराने के साथ ग्राम स्वास्थ्य समितियों के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ने ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने तथा रुके हुए पानी में एंटी लारवा दवा के छिड़काव और दीवार लेखन कार्य कराने के लिए स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता को निर्देशित किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने व्यापक स्तर पर सफाई अभियान की निरंतर समीक्षा करने की चर्चा की। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि सफाई अभियान सप्ताह के अंतर्गत प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री 19 अगस्त को विकासखंड पुवांरका के गांव पीकी व महमूदपुर में सफाई अभियान में श्रमदान कर लोगों को जागरूक करेंगे। बैठक में राज्य स्तर से स्वच्छता के प्रति जागरूकता करने को भेजे गए स्वच्छता रथ के दैनिक कार्यक्रम की चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना प्रबंधक जल निगम, जिला कार्यक्रम अधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।