सरसावा (सहारनपुर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में 53 लोग विवाह के बंधन में बंध गए। आयुष राज्यमंत्री ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया तथा जीवनोपयोगी सामग्री भेंट की।
शुक्रवार को अंबाला रोड स्थित एक मैरिज हॉल में विकास खंड कार्यालय तथा नगर पालिका सरसावा द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में हिंदू वर्ग की 49 तथा मुस्लिम वर्ग की चार बेटियों का विवाह कराया गया। इस मौके पर प्रदेश सरकार में आयुष राज्यमंत्री डाक्टर धर्म सिंह सैनी भी पहुंचे। उन्होंने नव युगलों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के सभी वर्गों का समान रूप से ध्यान रखती है। वंचित तथा निर्धन वर्ग की बेटियों का मान सम्मान बरकरार रखना सरकार की प्राथमिकता में है। प्रदेश सरकार की पहल से निर्धन की बेटी भी बहू बनकर घरों का मान बढ़ा रही है, उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव प्रदेश के सभी निवासियों को समान रूप से लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। राज्यमंत्री ने विवाहित नव युगलों को नवजीवन में प्रयोग होने वाली सामग्री सौंपी। हिंदू रीति से आचार्य कुलदीप ने तथा मुस्लिम रीति से मौलवी उस्मान ने वैवाहिक रस्में संपन्न कराईं। इस मौके पर बीडीओ रविप्रकाश सिंह, एडीओ राजवीर सैनी, अतुल वालिया, सलीम अहमद, बाबूराम वर्मा, प्रवीण कुमार, जोनेश कुमार, रिशीपाल, ओमपाल सैनी मौजूद रहे।