सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने ग्राम मानपुर के किसानों के साथ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने हरियाणा से उत्तर प्रदेश को अंतरित भूमि को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर रोष जताया और किसानों को उनकी जमीन पर मालिकाना हक दिलाए जाने की मांग की।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह के नेतृत्व में ग्राम मानपुर नौबरार के किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने कलक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि 1936 से हरियाणा से उत्तर प्रदेश को अंतरित जमीन के मालिकाना हक की किसान लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन प्रशासन की कार्यशैली किसानों के हित में नहीं है। हाईकोर्ट एवं राजस्व परिषद लखनऊ ने इस मामले में आदेश भी जारी किया है। किसानों ने मांग की है कि आदेशों के अनुसार प्रशासन किसानों को उनका मालिकाना हक दिलाए। चौधरी धीर सिंह ने कहा कि किसानों को इंसाफ दिया जाए। आदेशों के अनुपालन में अनावश्यक विलंब किया तो रालोद आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस संबंध में किसानों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में चौधरी गीता सिंह, चौधरी माईचंद, चौधरी संजीव कुमार, विक्रम, शशिकांत, रूपचंद, पंकज कुमार, रणधीर, अनिल कुमार, सेवाराम, जयवीर, अशोक चौधरी, तेजपाल सिंह, ताराचंद, ओमसिंह, राजेंद्र, दीपक, नेमपाल, नाहर सिंह, ओमवीर, रामपाल, राजेंद्र, राजपाल, अंकित, सुधीर, विक्रमपाल, पवन कुमार, राजकुमार, राजवीर, कटार सिंह, धर्मवीर सिंह शामिल रहे।