सहारनपुर। एंटी भूमाफिया अभियान के तहत शनिवार को तहसील सदर की टीमों ने 10 गांवों में 20.091 हेक्टेयर भूमि से अवैध कब्जा हटवाया गया। इसमें नदी का खादर, नवीन परती, तालाब, रास्ता आदि शामिल हैं।
शनिवार को श्रावस्ती मॉडल के तर्ज पर गठित टीमों ने 10 गांवों में अवैध कब्जा हटवाया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसके दूबे और उप जिलाधिकारी संगीता के नेतृत्व में चले अभियान में 20.091 हेक्टेयर भूमि से अवैध कब्जा हटवाया गया। तहसीलदार सदर प्रीति सिंह ने बताया कि ग्राम चाटका में नागादेव नदी की 1.603 हेक्टेयर, दरा कोटला में नवीन परती की 0.195, गागलहेड़ी में नदी की 7, सुनहैटी खड़खड़ी में तालाब की 2.5, गोवर्धनपुर ढुलानी में गन्ना समिति की 0.367 हेक्टेयर भूमि का कब्जा मुक्त कराया गया है। इसके अलावा सौंधेबांस में तालाब की 0.144, बडकला में तालाब की 0.964, कांकरकुई में तालाब और रास्ते की 0.564, उनाली में तालाब की 0.134 और हुसैनपुर में यमुना नदी की 6.62 हेक्टेयर भूमि को तहसील की टीमों ने कब्जा मुक्त कराया। उन्होंने बताया कि हर शनिवार को पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें श्रावस्ती मॉडल पर प्रत्येक थाना क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान और अवैध कब्जा हटवाएगी।