सहारनपुर। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से एक ट्रक अस्पताल पुल पर खंभे से जा टकराया। खंभे से ट्रक टकराकर पलट गया, जिससे तार टूटकर गिर पड़े। तार टूटते ही चिंगारी निकलते देख भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात परिवर्तित कराया।
सोमवार की रात लगभग 12 बजे अस्पताल चौराहे की ओर से ट्रक अस्पताल पुल की ओर चढ़ रहा था। घने कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम रह गई। चालक जैसे ही पुल की ओर चला अचानक एक मोटरसाइकिल सामने नजर आई। जिसे बचाने का प्रयास किया तो बिजली के एक खंभे से जा टकराया। खंभे से टकराकर ट्रक पलट गया और स्पार्किंग के साथ ही तार टूटकर जमीन पर गिर पड़े। जिससे वहां नव वर्ष समारोह में शामिल होकर लौट रहे लोगों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे चालक को ट्रक से निकाला। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक अलकेश को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने विद्युत अधिकारियों को सूचना दी तथा यातायात को परिवर्तित कराया।