देवबंद (सहारनपुर)। तीसरे चरण में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया में अंतिम दिन शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए 7 और सभासद पद के लिए 75 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन फार्म जमा कराए। अब तक अध्यक्ष पद के लिए 13 और सभासद पद के लिए 216 नामांकन फार्म जमा हो चुके हैं।
शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण नामांकन कराने के लिए प्रत्याशियों का तांता लगा रहा। अध्यक्ष पद के लिए मोहल्ला अब्दुल हक से अब्दुल खालिद, किला से नौशाद, शाह बुखारी से मुरसलीन, सराय मालियान से डा. महेंद्र सैनी, शिव विहार से राकेश कुमार, लहसवाड़ा से सलीम कुरैशी और पठानपुरा से जमालुद्दीन ने नामांकन पत्र भरा। जबकि पूर्व सभासद बालेंद्र सिंह, गगन मित्तल, रजनी शर्मा, बलवीर सैनी, सुधीर भारद्वाज, विनय कुच्छल समेत 75 प्रत्याशियों ने सभासद पद के लिए नामांकन किया। एसडीएम रामविलास यादव ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 19 और सभासद पद के लिए 263 फार्मों की बिक्री हुई। जिनमें से 13 अध्यक्ष पद और 216 सभासद पद के पर्चे जमा हुए हैं। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को नामांकन पत्रों का जांच तथा 12 को वापसी होगी। 13 नवंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया जाएगा। वहीं, नामांकन फार्म भरते ही प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए समर्थकों के साथ जनसंपर्क शुरू कर दिया है।