जिले में 240 हेक्टेयर सरकारी भूमि खाली कराई
सहारनपुर। सरकारी भूमि को भूमाफियाओं से मुक्त कराने की प्रदेश सरकार की योजना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। जिले में भूमाफियाओं से करीब 240 हेक्टेयर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया जा चुका है।
जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पांडे के निर्देश पर सभी उप जिलाधिकारियों से सरकारी भूमि को भूमाफिया से कब्जा मुक्त कराने का अप्रैल से लेकर अगस्त तक का रिकार्ड तलब किया गया। उन्होंने इस रिकार्ड को एंटी भूमाफिया पोर्टल पर भी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी एसके दूबे ने बताया कि उन्होंने उप जिलाधिकारियों से सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने संबंधी रिकार्ड को तलब किया है। इस रिकार्ड के मुताबिक देवबंद तहसील में करीब 80 हेक्टेयर, रामपुर मनिहारान तहसील में 50 हेक्टेयर, बेहट तहसील में 70 हेक्टेयर एवं नकुड़ तहसील में करीब 40 हेक्टेयर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया है।