कोर्ट के फैसले को लेकर अलर्ट रही पुलिस
सहारनपुर। रेप के मामले में डेरा सच्चा सौदा के प्रमुुख बाबा राम-रहीम को कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने को लेकर जनपद में पुलिस अलर्ट रही। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया। एसएसपी बबलू कुमार ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
सोमवार को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की सजा पर फैसला हो गया है। इसके चलते सहारनपुर में कोई अप्रिय घटना हो, पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। जनपद की सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी बबलू कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और शहर की सड़कों पर पैदल मार्च किया। कोर्ट रोड, घंटाघर, देहरादून चौक, नकुड़ तिराहा, कलक्ट्रेट तिराहे पर पुलिस फोर्स तैनात रही। एसएसपी के निर्देश पर हरियाणा बॉर्डर की शाहजहांपुर चेकपोस्ट पर एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, सीओ नकुड़ व थाना सरसावा प्रभारी सुधीर उज्ज्वल के साथ पुलिस फोर्स ने वाहनों की चेकिंग की। इसके अतिरिक्त थाना गागलहेड़ी प्रभारी सुशील कुमार सैनी ने फोर्स के साथ देहरादून रोड स्थित गांव कुम्हारहेड़ा में डेरा सच्चा सौदा की चौकसी बढ़ा दी।
ई-रिक्शा लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने नशीला पदार्थ खिलाकर ई-रिक्शा लूटने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने ई-रिक्शा बरामद कर ली है।
कोतवाली रामपुर क्षेत्र के गांव मल्हीपुर निवासी गुलबहार से 12 फरवरी को जहरखुरानी गैंग के तीन सदस्यों ने नशीला पदार्थ खिलाकर ई-रिक्शा लूट लिया था। कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि जांच में तीन बदमाशों के नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस ने सेेमवार को सावंत पुत्र नरेश निवासी बेहट अड्डा को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से लूटा गया ई-रिक्शा, दो मोबाइल फोन और बैग बरामद हुआ है। आरोपी के एक साथी को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। तीसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है।