खानपुर गुर्जर के युवकों के माफी मांगने पर निपटा
गंगोह (सहारनपुर)। विधायक प्रदीप चौधरी के आवास पर आहूत पंचायत में गांव खानपुर गुर्जर के युवकों द्वारा माफी मांगने के बाद शनिवार को छात्रों के दो गुटों में हुए झगड़े के मामले में समझौता करा दिया गया।
बता दें कि बाइक की टक्कर लगने के मामूली विवाद को लेकर पूरणमल रामलाल डिग्री कालेज के गांव चकवाली एवं खानपुर गुर्जर के छात्रों में मारपीट हो गई थी। मारपीट में कई छात्र चोटिल हुए थे। मौके पर पहुंची पुलिस खानपुर निवासी एक युवक को कोतवाली ले आई थी। घायल छात्र कमल को सीएचसी में भर्ती कराया गया था। देर रात पीड़ित छात्र कमल के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी युवक अमजद सहित खानपुर के आधा दर्जन युवकों को नामजद करते हुए तहरीर दी थी।
रविवार देर शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण समझौता करने को पंचायत के रुप में विधायक आवास पर जमा हो गए। विधायक प्रदीप चौधरी की अध्यक्षता में आहूत पंचायत में खानपुर के आरोपी युवकों ने अपनी गलती स्वीकारते हुए सार्वजनिक रुप से माफी मांगी और जिम्मेदार लोगों ने आइंदा गलती न दोहराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पंचायत ने उन्हें माफ करते हुए गांव चकवाली के पीड़ित परिजनों की ओर सुखपाल की ओर से दी गई तहरीर वापस लेने की बात कही। पंचायत में नवाब चेयरमैन, जिशान वकील, इनाम, प्रधान वेदपाल, प्रधान ताहिर खानपुर, प्रधान संजय शेरमऊ, प्रधान तनवीर सांगाठेडा, चंद्रपाल, प्रधान संघ के जिला उपाध्यक्ष संजय कम्हेडा, आस मोहम्मद, अरशद ताताहेडी, रणधीर सिंह, बबलेश प्रधान बंदाहेडी, पप्पू रादौर, श्याम सिंह पंवार, अशोक प्रधान, भूप सिंह, राजपाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। समझौते के बाद ही कोतवाली में बैठाए गए युवक असजद को छोडा जा सका।