सहारनपुर। सोमवार को घाड़ क्षेत्र में 18 एमएम बारिश हुई, जबकि जनपद के बाकी हिस्से में सूखा और भीषण गर्मी का प्रकोप बना रहा। पंखों की हवा बेअसर रही।
मौसम विभाग ने जनपद में सोमवार से बारिश होने की संभावना जताई थी। सुबह के समय हल्के बादल छाए हुए थे, लेकिन दस बजे तक धूप निकल आई। दोपहर एक बजे के बाद बारिश होने की संभावना जताई गई। दोपहर 12 बजे पहाड़ों की ओर से काली घटा उठी। उम्मीद थी कि पूरे जनपद में बारिश होगी, लेकिन काली घटा शहर की ओर नहीं बढ़ पाई। नतीजा, मुजफ्फराबाद और मिर्जापुर क्षेत्र में जमकर बारिश हुई। मात्र एक घंटे 18 एमएम बारिश होने से पता चलता है कि बारिश किस स्तर की रही होगी। बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया। मिर्जापुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट रही। जो अधिकतम तापमान रविवार को 43 डिग्री सेल्सियस था वह गिरकर 35 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान रविवार के समान 30 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
उधर, सहारनपुर शहर और जनपद के बाकी हिस्से में सूखा रहा। हवा की गति धीमी रही, तेज धूप के साथ उमस का प्रकोप रहा। घरों के बाहर धूप तो अंदर उमस ने पसीने छुड़ाए रखे। पंखों की हवा में भी पसीना नहीं सूख रहा था। शहरी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 30 और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
दो जुलाई से बारिश की संभावना
अब मौसम विभाग ने जनपद में दो जुलाई से बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम वेधशाला मिर्जापुर के प्रभारी अमीर आलम ने बताया कि दो से पांच जुलाई तक बारिश रहने की संभावना है। यह बारिश पूरे जनपद में होगी।
परिषदीय विद्यालयों के समय परिवर्तन की मांग
सहारनपुर। भीषण गर्मी के बीच परिषदीय विद्यालयों के छात्र बेहाल हैं। प्रदेश के अन्य जनपदों में परिषदीय विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया जा चुका है। यहां भी शिक्षक संगठनों द्वारा जिलाधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से समय परिवर्तन की मांग की जा चुकी है। शिक्षक नेता संदीप पंवार ने बताया कि वह जिला प्रशासन से विद्यालयों का समय प्रातः सात बजे से दोपहर 12 बजे तक करने की मांग कर चुके हैं। राजकुमार चौधरी का कहना है कि देहात क्षेत्र में बिजली कम आने की वजह से विद्यालयों के पंखे नहीं चल रहे हैं। इसकी वजह से बच्चों की सेहत खराब होने का डर है। उनकी भी मांग समय परिवर्तन की है। अटल बहादुर सिंह की मांग है कि छात्र हित में विद्यालयों का समय परिवर्तन किया जाए।