‘अबकी बार, मतदान करेंगे 85 प्रतिशत के पार’
सहारनपुर। मतदाताओं को वोट देेने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य डॉक्टर आंबेडकर स्टेडियम में छात्र-छात्राओं को मतदान करने और दूसरों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर मतदाता जागरूकता को लेकर स्लोगन लिखे गुब्बारे और पतंग उड़ाई गई।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि इस बार जनपद में मतदान 85 प्रतिशत से अधिक पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने छात्र छात्राओं को शपथ दिलाई कि वे स्वयं मतदान करेंगे और दूसरों को भी शत प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। स्टेडियम में जनपद के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं मतदाताओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से मतदान करने के लिए जागरुक करने संबंधी तख्तियां लिए थे।
तख्तियों पर लिखे हुए नारों में ‘छोड़ो अपने सारे काम, चलो पहले करें मतदान’, ‘मैं हूं जागरूक मतदाता’, ‘लोकतंत्र की सुनो पुकार, मत खोना अपना मताधिकार’, ‘महिला, बूढे़ और जवान, साथ मिलकर करें मतदान’, ‘आओ मिलकर करें मतदान, इससे बनेगा भारत महान’ आदि शामिल हैं। मतदाता जागरूकता के संदेश के साथ अधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने पतंग और गुब्बारे भी उड़ाए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शेरी, सहायक निदेशक सूचना सुधीर कुमार, स्वीप कोआर्डिनेटर दीपा चौहान, आईआईए अध्यक्ष केआर सिंघल, महासचिव प्रमोद सड़ाना, अजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
इन कालेजों के छात्र-छात्राएं हुए शामिल
डॉक्टर आंबेडकर स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में दिगंबर जैन कन्या इंटर कालेज, जेबीएस हिंदू कन्या इंटर कॉलेज, जवाहर हायर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय कन्या इंटर कालेज, एसडी कन्या इंटर कालेज, एचएवी इंटर कालेज, इस्लामिया इंटर कालेज, केसीसीपीआर कन्या इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कालेज, राजकीय इंटर कालेज, गुरुनानक इंटर कालेज, आकाशदीप मेमोरियल इंटर कालेज, बीएचएफ इंटर कालेज, जेवी जैन इंटर कालेज, गौरी शंकर इंटर कालेज, बीएचएस इंटर कालेज आदि स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भागेदारी की।